किदवईनगर चौराहे पर बुधवार रात पुलिस पिकेट से कुछ दूर बाइक सवार बदमाशों ने जनरलगंज निवासी एसबीआई बैंक कर्मी अतुल की पत्नी रश्मि से बैग लूट लिया। बैग में चार लाख रुपये के जेवर थे।
हैरत की बात यह कि पुलिस बैग गिर जाने की तहरीर देने के लिए दंपति पर दबाव बनाती रही। अतुल ने पुलिस को बताया कि वह पत्नी के साथ वाई ब्लाक निवासी भतीजे की शादी से लौट रहे थे। आटो में बैठने ही वाले थे कि डिस्कवर बाइक सवार बदमाश आए और धक्का देकर पत्नी से बैग छीन ले गए।
लूट के डर से ही जेवर उतार कर बैग में रख लिए थे। वहीं इंस्पेक्टर फाजिल सिद्दीकी का कहना है कि दंपति ने तहरीर तो लूट की दी है, लेकिन किसी ने वारदात होते नहीं देखी है। लिहाजा मामला संदिग्ध लग रहा है।
हलवाई को लूटकर चलती टेंपो से फेंका
कानपुर साउथ। नौबस्ता हाईवे पर इटावा निवासी हलवाई राम प्रकाश के साथ लूट हो गई। इतना ही नहीं उनका बैग छीनने के बाद बदमाशों ने उन्हें चलते टेंपो से फेंक दिया। इससे उनको चोट भी आई।
100 नंबर पर सूचना के बाद पहुंची पुलिस पहले तो सीमा विवाद में उलझी रही। बाद में नौबस्ता पुलिस ने बैग गिरने की तहरीर लेकर चलता कर दिया।
राम प्रकाश ने बताया कि वह लखनऊ में काम करने के बाद इटावा जाने के लिए निकला था। रामादेवी तक प्राइवेट गाड़ी से आया और इसके बाद झकरकटी बस अड्डे जाने केे टेंपो का इंतजार कर रहा था। तभी एक टेंपो वाले ने झकरकटी जाने की बात कहकर उसे बैठा लिया। टेंपो में तीन लोग पहले से सवार थे।
नौबस्ता की ओर कुछ दूर चलने के बाद टेंपो सवार तीनों बदमाशों ने बैग छीनकर टेंपो से धक्का दे दिया। बैग में 30 हजार रुपये और जरूरी कागज थे। सीओ गोविंद नगर का कहना है कि लूट नहीं, बल्कि बैग कहीं गिरा है।
पर्स लूटा, छीनाझपटी में गिरी महिला
कानपुर। कल्याणपुर के रावतपुर में बाइक सवार लुटेरों ने व्यापारी की पत्नी का पर्स लूट लिया। लुटेरों से छीना-झपटी में बाइक सवार दंपति बीच सड़क बाइक से गिरकर चुटहिल हो गए। पुलिस कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस जांच करने पहुंची।
रावतपुर गांव में रहने वाले मनीष त्रिवेदी की मसवानपुर में हार्डवेयर की दुकान है। बुधवार शाम को पत्नी अर्चना के साथ गुमटी बाजार से खरीदारी करके घर लौट रहे थे। रावतपुर गोपाला टावर के सामने पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर पर्स लूट लिया।
छीनाझपटी में बाइक सवार दंपति सड़क पर गिरकर चुटहिल हो गए और बाइक सवार भाग निकले। वहां मौजूद बाइक सवार युवक ने पीछा करने का प्रयास किया तो एक लुटेरे ने तमंचा तान दिया। अर्चना ने बताया कि पर्स में दुकान की बिक्री का 40 हजार रुपये, सोने की चेन सहित अन्य कागजात रखे थे।
प्राथमिक उपचार कराने के बाद व्यापारी कल्याणपुर थाने पहुंचा और तहरीर दी है। इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। लगातार लूट की वारदातों के पीछे हाल ही में जेल से छूटे कुछ लुटेरों का हाथ है।
लूट का हल्ला झूठ निकला
कानपुर। कल्याणपुर के बारा सिरोही में ब्रेड पकौड़ा के लेनदेन के िववाद में लूट का हल्ल्ाा मच गया। इसी बीच मौके पर मौजूद लोगों ने घेराबंदी करके दो युवकों को धर दबोचा। बाकी पांच भाग गए। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। कल्याणपुर के बारा सिरोही में विनोद वाजपेयी की मिठाई की दुकान है।
दो युवक बुधवार सुबह दस बजे ब्रेड पकौड़ा खाने दुकान पहुंचे थे। विनोद के मुताबिक इसी बीच दुकान पर पांच युवक और आ गए। सातों ने मिलकर विनोद के साथ मारपीट की और 17 हजार रुपये छीन लिए। इलाके के रामजी तिवारी और शैलेंद्र यादव ने दो युवकों को धर दबोचा। उन्होंने अपने नाम अंजनी सिंह और राम सिंह निवासी मलीहाबाद लखनऊ बताया।
कल्याणपुर इंसपेक्टर संतोष सिंह के मुताबिक खराब ब्रेड पकौड़े को बदलकर पैसा वापस मांगने पर दोनों पक्षों मे मारपीट हुई थी। इसमें दुकानदार ने लूट का झूठा हल्ला मचा दिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया।