सर्वोदय नगर में आरटीओ दफ्तर के पास शुक्रवार सुबह तेजरफ्तार ट्रक ने समाचार पत्र वितरक हरबंश सिंह यादव (60) को कुचल दिया।
साथी वितरकों की सूचना पर मौके पर पहुंची काकादेव पुलिस गंभीर हालत में हरबंश सिंह को हैलट ले गई, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इधर, पुलिस ने दुर्घटना कर भाग रहे चालक को ट्रक समेत जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज ओवरब्रिज पर दबोच लिया। काकादेव पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक भी जब्त कर लिया है।
हरबंश सिंह यादव काकादेव के शिवपुरी मोहल्ले में आशीष गार्डन के पास रहते थे। वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह साइकिल से समाचारपत्र वितरित करने जा रहे थे।
सर्वोदय नगर में आरटीओ दफ्तर के पास तेजरफ्तार ट्रक ने हरबंश की साइकिल में सामने से टक्कर मार दी। वह उछल कर सड़क पर गिर गए और ट्रक के पहिए के नीचे आ गए।
हादसे के बाद चालक मौके से ट्रक लेकर भाग निकला। साथी समाचार पत्र वितरकों ने काकादेव पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हरबंश सिंह को साथियों की मदद से हैलट अस्पताल भेजा।
इसके बाद पुलिस ने दुर्घटना कर भाग रहे चालक को ट्रक समेत जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज ओवरब्रिज पर पकड़ लिया। ट्रक कब्जे में लेकर चालक को थाने भेज दिया गया। इधर, शाम को हरबंश सिंह की हैलट में उपचार के दौरान मौत हो गई।
एसओ शशिभूषण मिश्र ने बताया कि हरबंश के परिवार के रामजी की तहरीर पर चालक के खिलाफ तेजरफ्तार एवं लापरवाही से ट्रक चलाकर हरबंश की जान लेने का मामला दर्ज किया गया है।