रनियां चौकी क्षेत्र के एक ट्रांसफार्मर के पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में गत बुधवार की देररात एक वेल्डिंग ठेकेदार की उसके ही साथी ने हत्या कर दी। पुलिस ने साथी वेल्डर से पूछताछ की।
गोलमोल जवाब देने पर पुलिस ने साथी को हिरासत में ले लिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर फिंगर प्रिंट भी लिये हैं। रनियां क्षेत्र के विसायकपुर में एटीजी एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड में पलिया, रायबरेली निवासी राजेंद्र (42) पुत्र रामलखन तीन माह से वेल्डिंग ठेकेदार का काम कर रहा था।
फैक्ट्री में ट्रांसफार्मर का बाक्स वेल्डिंग करके बनाया जाता है। बुधवार को राजेंद्र व उसका साथी विनोद अपनी पत्नी के साथ रायबरेली से वापस आए थे।
देरशाम राजेंद्र और विनोद फैक्ट्री पहुंचे। फैक्ट्री मालिक के बेटे अतुल से चाबी यह कहकर के ले गए कि दोनों रात में वेल्डिंग का कार्य करेंगे। बताया गया है कि रात में काम करने के दौरान राजेंद्र और विनोद में किसी बात पर झगड़ा हो गया।
विवाद में ही विनोद ने राजेंद्र पर लोहे की राड से हमला कर दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। विनोद ने फैक्ट्री मालिक केके कपूर को गुरुवार की सुबह यह सूचना दी कि फैक्ट्री के बाहर एक्सीडेंट से राजेंद्र की मौत हो गई। मालिक केेके कपूर ने पुलिस को बुलाकर पूरे मामले की जानकारी दी।
फैक्ट्री के अंदर सिर्फ विनोद और राजेंद्र ही थे। पुलिस को विनोद पर शक हो गया। विनोद के हाथों और पैर में खून लगा हुआ था।
पुलिस ने मौके पर ही विनोद से कड़ाई से पूछताछ की। विनोद पुलिस पूरे मामले जानकारी देने में गुमराह करने लगा। विनोद की गोलमोल बातों से पुलिस ने उसके हत्या में शामिल होने की बात भांप ली।
अकबरपुर एसओ अखिलेश यादव ने बताया कि युवक से पूछतांछ की जा रही है। इस मामले विनोद के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया है।