ग्रामीणों से पूछताछ करते अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी बीसी दुबे व रोती बिलखती मृतका की पुत्री शालिनी
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई कछौना थाना क्षेत्र के में एक देवर इस कदर ‘दानव’ बना कि उसने अपनी भाभी को चापड़ से चीर डाला। इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। एसपी ने गांव पहुंचकर हत्या कांड की जांच-पड़ताल कर हत्यारे को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए।
कछौना कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत मडिलहिया के मजरा गौहानी निवासी रामपाल के चार पुत्रों में श्रीराम सबसे बड़ा है। उससे छोटा पप्पू, भन्नू व छोटू हैं। पप्पू व उसका भतीजा राहुल लुधियाना में ही अलग-अलग फैक्ट्री में नौकरी करते हैं। बीती 29 अक्टूबर को रामपाल की पत्नी की मौत हो गई थी। जिसकी सूचना मिलने पर पप्पू व राहुल गांव आए थे। राहुल ने चाचा पप्पू से लुधियाना में कुछ रुपये उधार लिए थे। बुधवार सुबह पप्पू राहुल से रुपये मांगने गया। राहुल ने रुपये खर्च होने की बात कहते हुए लुधियाना चलकर देने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर राहुल की मां रेशमा (42) पत्नी श्रीराम भी बीच बचाव करने पहुंच गई। इससे भड़के पप्पू ने धारदार हथियार चापड़ से रेशमा की पीठ पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इससे रेशमा खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उधर, मृतका के पति श्रीराम ने हत्यारोपी भाई पप्पू के अलावा अपने पिता रामपाल भाई भन्नू, छोटू, भतीजे रोहित के खिलाफ पप्पू को भाभी की हत्या करने के लिए उकसाने का आरोप भी लगाया है।
हत्या की वारदात की सूचना पर कोतवाल राम सागर राकेश घटना स्थल पर पहुंचे। वारदात के संबंध में पूछताछ के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। वारदात की जानकारी मिलने पर एएसपी पूर्वी बीसी दुबे गांव पहुंचे। पीड़ित पक्ष से पूछताछ के बाद उन्होंने जल्द से जल्द हत्यारोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए। श्रीराम की तहरीर पर पुलिस ने सुसर रामपाल, पप्पू, भन्नू, छोटू, व पप्पू के पुत्र रोहित के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।