तीन नाबालिग लड़कियां कहां गुम हो गईं इसका अभी तक पुलिस पता नहीं लगा पाई है। लड़कियों को कौन ले गया, कहां ले गया इस बात से घरवाले परेशान हैं। मामला यूपी के उरई जिले का है।
उरई जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लापता तीन किशोरियों के मामले में पीड़ित परिजनों की तहरीर पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। चुर्खी क्षेत्र के गांव हथनौरा निवासी चंद्रप्रकाश की 16 वर्षीय किशोरी हैंडपंप पर पानी भरने गई थी, तभी लापता हो गई। जब किशोरी वापस नहीं आई तो परिजनों ने तलाश की, लेकिन कहीं पर उसका कुछ पता नहीं चला।
पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने सुरजीत, विजय, अनू, शत्रुघन व राकेश निवासी सुदूपुरा थाना सिरसा कलार के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इसी तरह चुर्खी थाना क्षेत्र के हथनौरा निवासी एक पिता ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री 13 फरवरी को स्कूल की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन संदिग्ध हालात में लापता हो गई। पीड़ित ने गांव के ही संदीप, विक्र्रम, सियाराम, आत्माराम पर अगवा का आरोप लगाया। पुलिस ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
सरसई निवासी जगदीश ने भी चुर्खी थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पुत्री 15 नवंबर को उरई के मोहल्ला उमरारखेड़ा में रिश्तेदारी में आई थी, तभी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पुलिस ने इस मामले में भी एफआईआर दर्ज कर ली है।