टप्पेबाज बोले जो जेवर पहन रखें हैं, उन्हें उतारकर कागज में रख लो
कानपुर साउथ के गोविंद नगर में गुरुवार को ‘पुड़िया का खेल’ दिखाकर एक नकली सिपाही ने महिला के जेवर उड़ा दिये। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर हुलिये के आधार पर टप्पेबाजों की तलाश शुरू कर दी है।
बी ब्लॉॅक गोविंद नगर निवासी गुरमुख दास बालचंदानी की पत्नी कमला देवी गुरुवार सुबह नटराज टॉकीज के पास स्थित क्लीनिक में खुद को दिखाने जा रही थीं। घर से कुछ दूरी पर दो युवक उन्हें मिले। उन्होंने खुद को सिपाही बताते हुए कमला देवी से कहा कि आज-कल दक्षिण क्षेत्र में लूटपाट ज्यादा हो रही है। जो जेवर पहन रखें हैं, उन्हें उतारकर कागज में रख लो। कमला देवी टप्पेबाजों के झांसे में आ गईं। बातों में फंसाकर टप्पेबाजों ने कमला से जेवरों वाली कागज की पुड़िया अपने हाथ में ले ली। फिर उन्हें नकली जेवर वाली पुड़िया थमाकर खिसक लिए। कमला देवी ने घर पहुंचकर देखा तो बाले, चेन, अंगूठी सभी जेवर नकली थे। कमला के बेटे नरेश ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। कार्यवाहक एसओ सुनील कनौजिया ने बताया कि कमला देवी के बताए हुलिए के आधार पर टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है।