थाने में एसीपी को जानकारी देते पीड़ित खाता धारक
- फोटो : amar ujala
कानपुर के घाटमपुर उप डाकघर में करोड़ों के घोटाले के बाद भी विभागीय अधिकारियों के पल्ला झाड़ने पर शनिवार को पीड़ित 24 खाताधारकों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। सभी तहरीर मिलाकर कॉमन एफआईआर दर्ज की गई है। रिपोर्ट में कथित एजेंट, उसकी बेटी, पत्नी बेटा, बहू के साथ डाकघर के अधिकारियों व कर्मचारियों समेत छह आरोपी बनाया गया है।
घोटाले का शिकार हुए खाताधारक धीरेंद्र कुमार शुक्ला, अवधेश कुमार शुक्ला, ओमप्रकाश मिश्रा, रामकुमार, मुन्नी देवी पत्नी ओमप्रकाश, बलराम, प्रह्लाद, राजेश समेत 24 लोगों ने शनिवार दोपहर थाने पहुंचकर उप डाकघर के अधिकारी और कर्मचारियों समेत कथित एजेंट शैलेंद्र पांडेय व एजेंसी धारक उसकी बेटी अनुष्का पर उप डाकघर में फर्जीवाड़ा करके करीब डेढ़ करोड़ रुपये का घोटाला करने का आरोप लगाया है।
रुपये जमा कराए गए, मुहर लगी पासबुक दी गई
साथ ही शैलेंद्र, उसकी पत्नी अन्नपूर्णा, बेटी अनुष्का, बेटे विवेक व बहू अवंतिका पर साक्ष्य जलाकर नष्ट करने का भी आरोप लगाया है। बताया कि उनसे रुपये जमा कराए गए, मुहर लगी पासबुक दी गई, अब उन पासबुकों को डाक विभाग ही फर्जी बता रहा है। बताया कि उन्होंने कैश काउंटर में पहुंचकर रुपये जमा किए थे, वहां पर भदरस निवासी शैलेंद्र पांडेय समेत अन्य डाक कर्मी भी उपस्थित थे।
कानपुर डाकघर अधीक्षक ने दर्ज कराई प्राथमिकी
पुलिस ने तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि पीड़ितों की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें जुटी हैं, जिनमें घाटमपुर, सजेती, रेऊना, साढ़ पुलिस भी शामिल है। कानपुर डाकघर अधीक्षक रवि कुमार की तरफ से थाने में तहरीर लेकर डाक इंस्पेक्टर पुखरायां निखिल शर्मा पहुंचे।
मामले में दोनों को पूर्व में निलंबित किया जा चुका है
तहरीर में बताया कि उन्हें आकांक्षा चौरसिया ने शिकायतपत्र देकर घाटमपुर में उनके पिता के खाते से 4.15 लाख रुपये, 2.98 लाख रुपये गबन करने का आरोप लगाया था। शिकायत की जांच में तत्कालीन डाक सहायक शिवम सचान और सहायक उप डाकपाल राकेश कुमार मिश्रा की संलिप्तता पाई गई है। उन्होंने तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मालूम हो कि इसी मामले में दोनों को पूर्व में निलंबित किया जा चुका है।
पति ने खेती खरीदने में लगाया पैसा
घाटमपुर थाने में पूछताछ के लिए लाई गई कथित एजेंट शैलेंद्र पांडेय की पत्नी अन्नपूर्णा ने पुलिस को बताया कि पति ने खेती खरीदने में पैसा लगाया है। वह पैसा कहां का है यह उन्हें नहीं मालूम है। बताया कि शैलेंद्र डाकघर गए थे तब से घर नहीं लौटे हैं। बेटा विवेक पांडेय भी तब से घर नहीं आया है। दोनों कहां हैं, उन्हें नहीं मालूम है।
टीम के तीन अधिकारियों ने पहुंचकर की जांच
जांच टीम के तीन सदस्य एएसपी उन्नाव एसएसतोमर, डाक इंस्पेक्टर बिल्हौर उत्कर्ष त्रिपाठी व इंस्पेक्टर पुखरायां निखिल शर्मा उप डाकघर शनिवार को पहुंचे। उन्होंने बताया कि ज्यादातर मामले फर्जी पासबुक व खाते से निकासी के हैं, जिन खातों से रकम निकाली गई है उनके बाउचर मंगाए गए हैं। इससे यह स्पष्ट हो जाएगा कि खाता धारक ने खुद बाउचर भरा है या किसी दूसरे द्वारा रकम निकाली गई है। फर्जी पासबुक वाले मामलों के बारे में उन्होंने कुछ कहने से इन्कार कर दिया।