कानपुर के अस्पताल में एक डॉक्टर ने मानवता की सारी हदें पार करते हुए एक कैंसर मरीज को तमाचा जड़ दिया। जबकि मरीज और डॉक्टर के बीच ऐसी कोई अनबन नहीं हुई थी कि हाथ उठाने की नौबत आन पड़ी।
जानकारी के मुताबिक हैलट इमरजेंसी पहुंचे कैंसर मरीज को सर्जरी के एक जूनियर डॉक्टर ने थप्पड़ मार दिया। कैंसर पीड़ित ने इसकी शिकायत इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर से की। लेकिन कैंसर पेशेंट ने लिखित शिकायत नहीं की है।
पनका बहादुर नगर निवासी दुर्गा कुमार के बेटे आकाश (17) को रविवार सुबह भाटिया होटल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। पुलिस ने उसे हैलट में भर्ती कराया। सूचना पर दुर्गा कुमार भी हैलट पहुंचे। मुंह में कैंसर होने के कारण दुर्गा कुमार ने मुंह पर रूमाल बांधा था।
बेटे के पास अभी दुर्गा खड़े ही हुए थे कि जूनियर डॉक्टर पहुंच गया। उसने मुंह से रूमाल हटाने को कहा। अभी दुर्गा कुछ बता पाते कि जूनियर डॉक्टर ने उन्हें थप्पड़ मार दिया। हैलट के एसआईसी प्रो. आरसी गुप्ता ने कहा कि सोमवार को आरोपी डॉक्टर से पूछताछ की जाएगी।