युवती शाम को शौच के बहाने घर से बाहर निकल गई थी
उरई के गांव हांसा में प्रेमी युगल शनिवार देर रात आठ बजे गांव के बाहर स्थित एक कुएं में कूद गए। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और गांव वालाें की मदद से प्रेमी युगल की तलाश शुरू कर दी। रात करीब नौ बजे कुएं से युवती को निकाल लिया गया जबकि ग्रामीण और पुलिस के गोताखोर देर रात तक युवक की तलाश करते रहे लेकिन वह नहीं मिला।
कदौरा थाना क्षेत्र के गांव हांसा में एक युवती शाम को शौच के बहाने घर से बाहर निकल गई। इस दौरान वह गांव के बाहर स्थित एक कुएं के पास अपने प्रेमी से जाकर मिली। बताया जाता है कि उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया जिससे नाराज प्रेमी बृजनंदन कुएं में कूद गया। यह देख प्रेमिका ने भी कुएं में छलांग ला दी। कुएं से चीख पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे कुछ लोग वहां दौड़ते हुए आए और उन्होंने गांव के अन्य लोगों व पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गांव वालों की मदद से युवती को कुएं से बाहर निकाल लिया जबकि बृजनंदन का कुछ अता पता नहीं चला। खबर लिखे जाने तक युवक की तलाश जारी थी।