क्रिकेटर एवं पूर्व सांसद चेतन चौहान की भांजी रिचा शुक्ला ने आरोप लगाया है कि बुधवार और गुरुवार को डॉ. प्रमोद से नशीला इंजेक्शन लगवाकर पति संदीप शुक्ला और अन्य लोगों ने भरी और ब्लैंक चेक, सादे कागजों पर उनसे हस्ताक्षर करा लिए हैं। कंपनी के डायरेक्टर पद से इस्तीफा भी लिखा लिया है।
संदीप ने 30 अप्रैल की सुबह उन्हें चाबुक से पीटा। वह गिड़गिड़ाती रही लेकिन संदीप को दया नहीं आई। और तो और उनके दोस्त सामने खड़े हंस रहे थे। गुरुवार को मारपीट और नशीला इंजेक्शन लगवाने के बाद संदीप साथियों केसाथ उसे हत्या के इरादे से कार से ले जा रहे थे।
कार में संदीप दोस्तों के बात कर रहे थे कि इसे और इंजेक्शन देने होंगे। इसके बाद ठिकाने लगा देंगे। झगड़े की वजह शराब पीने और अनाप शनाप खर्च से रोकना है। रिचा शुक्लागंज निवासी उद्योगपति शिवराज टुबैको के मालिक संदीप शुक्ला की पत्नी हैं। गुरुवार रात रिचा 80 फिट रोड पर कार से कूद गई थीं।
उनका आरोप है कि पति और उनके साथी जान से मारने की नीयत से उन्हें ले जा रहे थे। इस मामले में गंगाघाट उन्नाव और नजीराबाद थाने में एफआईआर दर्ज हुई है। एफआईआर दर्ज होने केबाद शुक्रवार देर रात बंगलुरु, दिल्ली से आए परिजनों के साथ रिचा यहां से दिल्ली अपने ममेरे भाई अनुज सिंह के घर चली गईं।
शनिवार को रिचा ने मोबाइल पर बातचीत में बताया कि 20 अप्रैल को वह शुक्लागंज ससुराल गईं थी। संदीप ने बेवजह गाली-गलौच और मारपीट शुरू कर दी। बुधवार को भी संदीप ने बेवजह उन्हें पीटा। डॉ. प्रमोद मिश्र से नशे के इंजेक्शन लगवाए। विरोध करने पर चार लोगों ने उसे दबोचे रखा था।
इसके बाद उनसे कई सादे कागजों, भरी और ब्लैंक चेकों पर हस्ताक्षर कराए गए। शिवराज ग्रुप के डायरेक्टर पद से हटाने को टाइपशुदा कागज पर हस्ताक्षर कराया गया। गुरुवार को भी डॉ. प्रमोद मिश्र को घर बुलाकर उनसे नशे के इंजेक्शन लगवाए गए। मारपीट की गई।
इसके बाद एक कमरे में बंधक बना दिया गया। मोबाइल फोन छीन लिया गया। मौका मिलने पर उन्होंने मोबाइल से कानपुर में ही रहने वाली एक सहेली को सेव माई लाइफ का मैसेज भेजा। सहेली ने मां और परिवार वालों को इसकी जानकारी दी।
रिचा का कहना है कि पुलिस और कोर्ट में बयान के दौरान वह संदीप और उनके घरवालों के जुर्म की पूरी कहानी बयां करेंगी कि उनके साथ पिछले 20 वर्षों में क्या-क्या हुआ है। इधर, सीओ नजीराबाद संजीव कुमार का कहना है कि मामले की जांच एसआई विनोद कुमार को सौंपी गई है। आगे की कार्रवाई आलाअफसरों से बातचीत के बाद की जाएगी।