फर्रुखाबाद जिले में चिलसरा रोड पर चुंगी के पास सरे बाजार सोमवार शाम ताबड़तोड़ फायरिंग कर युवक की हत्या कर दी गई। दहशत में दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं। पहचान न होने से करीब एक घंटे तक शव पड़ा रहा। पूर्व सभासद ने शिनाख्त की, इसके बाद शव को मोर्चरी भेजा गया।
एसपी और सीओ ने मौके पर पहुंचकर लोगों ने जानकारी ली। एसपी ने हमलावरों की शीघ्र गिरफ्तारी की बात कही है। शहर के मोहल्ला रकाबगंज खुर्द निवासी शिवा (32) पर चिलसरा रोड पर चुंगी के पास शाम करीब पांच बजे कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी।
गोली लगने से शिवा सड़क पर गिर गया। भीड़भाड़ वाले इलाके में वारदात से दहशत फैल गई। दुकानदार दुकानें बंद करके भाग गए। सूचना के करीब 20 मिनट बाद मऊदरवाजा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास पूछताछ की लेकिन किसी ने मुंह नहीं खोला।
उस समय तक शिनाख्त नहीं हो पाई थी। करीब एक घंटे बाद पहुंचे पूर्व सभासद आदेश गुप्ता ने शिनाख्त की। शिवा की जेब में मिले मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। सीओ सिटी नितेश सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने शव लोहिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।