बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के खाड़ामऊ गांव में गुरुवार रात बदमाशों ने घर पर धावा बोलकर गृहस्वामी किसान की हत्या कर दी और बेटे को चापड़-सरिया से मरणासन्न करके फसल बिक्री के एक लाख रुपये नकद और 50 हजार के जेवर लूट ले गए। लूटपाट के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए खेतों के रास्ते भाग निकले।
शुक्रवार सुबह पहुंचे एसएसपी शलभ माथुर, एसपी ग्रामीण एसएन तिवारी, सीओ रमेश चंद्र ने जांच की। फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वायड को भी बुलाया गया। वारदात के खुलासे के लिए एसओ को 48 घंटे दिए गए हैं। बिल्हौर क्षेत्र के खाड़ामऊ गांव निवासी राजा सिंह (70) अपने दो पुत्रों अशोक और राजेश के साथ रहते थे।
बड़े बेटे अशोक ने बताया कि गुरुवार रात खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य सो गए। गर्मी होने के कारण पिता छत पर लेटे थे। अन्य लोग कमरों में सोए थे। रात लगभग एक बजे घर के पीछे से कट्टा, चापड़, सरियों से लैस आधा दर्जन बदमाश घर की छत पर चढ़े। छत पर सोए पिता को पीटना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर वह कमरे से बाहर निकले तो डकैतों ने उनके सिर पर चापड़ मारकर घायल कर दिया। इधर, बदमाशों की पिटाई से पिता चारपाई पर बेहोश होकर गिर पड़े। इसके बाद सभी बदमाश कमरों के अंदर घुसकर लूटपाट करने लगे। छोटे भाई राजेश ने विरोध किया तो उसे भी सरियों से पीटा।
इसके बाद मां और पत्नी को बंधक बना दिया। लगभग 40 मिनट तक घर में रखे बक्सेे, अलमारी को तोड़कर एक लाख रुपये नकद और जेवर लूटने के बाद सभी बदमाश खेतों की ओर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के तीन घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों ने राजा सिंह और राजेश को सीएचसी बिल्हौर भेजा जहां से दोनों को कानपुर रेफर कर दिया गया। हैलट में राजा सिंह की मौत हो गई। एसएसपी ने बताया कि पहली नजर में घटना रंजिश की नजर आ रही है। जांच में पुलिस की टीमों को लगाया गया है। जल्द ही वारदात को खोल दिया जाएगा।