गोविंद नगर में रविवार सुबह शटडाउन लेकर फॉल्ट ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़े संविदा कर्मी शिवकुमार (30) की करंट लगने से मौत हो गई। परिवारीजनों का आरोप है कि शटडाउन लेने के बाद भी लाइन चालू करने से हादसा हुआ।
परिवारीजनों ने भाजपाइयों के साथ सबस्टेशन पर शिवकुमार का शव रख कर हंगामा शुरू कर दिया। गोविंद नगर सीओ ओपी सिंह, एसीएम फर्स्ट योगेन्द्र सिंह के आने पर बारिश में चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद ठेकेदार से मुआवजे को लेकर समझौता हुआ।
बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अंबेडकर नगर कच्ची मढ़ैया निवासी शिवकुमार कश्यप गोविंद नगर सबस्टेशन मे संविदा कर्मी था। परिवार में पत्नी रीना, नौ माह की बच्ची कोमल है। रविवार सुबह शटडाउन लेकर शिवकुमार गैंग के साथ सीटीआई चौराहे पर बारिश की वजह से हुआ लाइन फॉल्ट सुधारने गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक खंभे पर चढ़ कर काम करते समय अचानक जोरदार झटका लगते ही शिवकुमार जमीन पर गिर कर तड़पने लगा। ठेकेदार संतोष शुक्ला साथ में मौजूद कर्मचारियों की मदद से झुलसे शिवकुमार को निजी अस्पताल ले गए।
वहां से रेफर करने पर शिवकुमार को दूसरे अस्पताल ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में उसकी नब्ज थम गई। शिवकुमार का शव उसके घर में छोड़ कर ठेकेदार भाग गया।
परिजन भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गुड्डी शर्मा, भाजपा नेता प्रकाशवीर आर्य, मनोज राठौर सहित कई लोगों को लेकर सबस्टेशन पहुंचे और मुआवजे को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। गोविंद नगर सीओ ओपी सिंह ने बताया ठेकेदार से हुई बातचीत के बाद शिवकुमार की पत्नी को एक 1.30 लाख रुपये देने पर समझौता हुआ है।
दस हजार रुपये अंतिम संस्कार के दिलाये गए हैं, साथ ही संविदा कर्मी की पत्नी को पनकी में कॉलोनी की व्यवस्था भी कराई जाएगी।
बोले जिम्मेदार
छबीलेपुरवा सबस्टेशन में सफाई के लिए शट डाउन लिया गया था। इसके बावजूद करंट से तेज धमाके के साथ आग लग गई। अधिशासी अभियंता पीके मित्तल ने बताया कि शट डाउन के बावजूद करंट से आग लगना आश्चर्यजनक है। यह आग बैक करंट आने से लगी होगी।
शटडाउन लिया गया था, लेकिन शिवकुमार गलती से दूसरे फीडर से जुडे़ खंभे पर चढ़ गया। जिससे हादसा हुआ।
- सुरेन्द्र गौतम, एसडीओ