कांबिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता
पांच लाख के इनामी डाकू बबुली कोल गैंग के पास हाइटेक हथियार हैं। विधानसभा चुनावों में वह बड़ी साजिश की ‘प्लानिंग’ कर रहा है। इस बात का खुलासा गुरुवार को हुआ जब चित्रकूट में पुलिस मुठभेड़ में उसके गिरोह का सदस्य जयलाल कोल हथियार और कारतूसों के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने बबुली की तलाश में कॉम्बिंग तेज कर दी है।
पुलिस अधीक्षक डीपी सिंह के निर्देश पर बुधवार की रात से लेकर गुरुवार की सुबह तक मानिकपुर, बहिलपुरवा और मारकुंडी थाने की पुलिस ने संयुक्त कांबिंग की। मानिकपुर थानाध्यक्ष शैल सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के एलहा बढैहा के वन विभाग की सेंचुरी के पास गैंग के कुछ सदस्यों की मौजूदगी पर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर कुछ सदस्य तो भागने में सफल रहे लेकिन गांव के एलहा बढैहा निवासी जयलाल कोल (37) पुत्र श्यामलाल को पकड़ने में सफलता मिली। उसके कब्जे से एसबीबीएल बंदूक और तीन कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पक ड़ा गया डाकू जयलाल कोल की टिकुरिया गांव में ससुराल है। जानकारी के अनुसार डाकू गैंग का टिकरिया से लेकर डोडा माफी के आसपास अक्सर आवागमन रहता है। इसी दौरान ससुराल आए जयलाल का संपर्क स्वजातीय होने के कारण गैंग से हो गया। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने बताया कि तीन माह पूर्व ही वह गैंग में शामिल हुआ था। दीपावली के पहले किसी बात को लेकर सरगना ने उसकी जमकर पिटाई की थी। जिससे वह नाराज रहता था। इसीलिए दो दिन पूर्व पहरेदारी के दौरान बंदूक लेकर कुछ साथियों के साथ वह दूसरे जंगल पहुंच गया। तभी वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। थानाध्यक्ष शैल सिंह ने भी बताया कि अभी हाल में यह गैंग में शामिल हुआ था। इसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं है। बरामद बंदूक गैंग की ही बताई है। जयलाल से बबुली कोल के बारे में कई नई जानकारियां हासिल करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है।