औरैया जिले में अछल्दा थाना क्षेत्र के तेहराजपुर गांव निवासी 45 दिन के मासूम की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, बच्चे की जीभ में जन्मजात परेशानी थी। इसके उपचार के लिए 11 नवंबर को मुरादगंज के सरैया गांव स्थित एक बंगाली डॉक्टर से ऑपरेशन कराया गया था। इसके बाद बच्चे की हालत बिगड़ती चली गई। परिजन उसे औरैया, चिचौली मेडिकल कॉलेज और फिर सैफई ले गए।
सैफई में बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। ईशू कठेरिया ने बताया कि उनकी पत्नी सोनम बच्चे को लेकर मायके सरैया गांव में रह रही थीं। ऑपरेशन के बाद बच्चे के मुंह से खून बंद नहीं हो रहा था। इस पर परिजन उसे दोबारा डॉक्टर के पास ले गए। वहां टांके लगाए गए और हालत ठीक होने का आश्वासन दिया गया। आराम न मिलने पर 12 नवंबर को औरैया के एक निजी नर्सिंग होम ले गए।