होली पर नशेबाजी में एक युवक ने दूसरे के साथ मारपीट कर दी। यूपी 100 पुलिस आरोपी को पकड़ने गांव आ धमकी। इससे नाराज आरोपी पक्ष की महिलाओं व पुरुषों ने पुलिस पर जमकर पत्थर बरसा दिए। साथ ही एसआई की पिस्टल छीनने का प्रयास किया। पुलिस तीन आरोपियों को पकड़कर थाने ले आई है। इस घटना में पुलिस ने तीन महिलाओं समेत नौ नामजद व10 अज्ञात समेत 19 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामला यूपी के हमीरपुर जिले का है।
कुरारा (हमीरपुर) थानाक्षेत्र के शिवनी गांव निवासी शिवम पुत्र जुगुलकिशोर खाना लेकर अपने नलकूप जा रहा था। तभी मंगलपुर गंाव के पास लल्लन पुत्र पूरन शराब के नशे में उसे रास्ते में मिल गया। आरोपी ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट करने लगा। इसी बीच बिलौटा की तरफ से लौट रही यूपी 100 पुलिस से शिवम ने शिकायत कर दी। मारपीट की सूचना पर पुलिस पहुंची और आरोपी लल्लन को दबोच लिया। लल्लन के पकड़े जाने से इस पक्ष के लोग लामबंद हो गए। महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर पुलिस पर हमलाकर दिया। पत्थर बरसाए और आरोपी को छुड़ा लिया। एसआई संजय मिश्रा ने बताया कि उनकी सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास किया। सूचना पर थाने से पुलिस फ ोर्स पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने सुरेंद्र, बाबू, मुलायम को गिरफ्तार कर लिया। भारी पुलिस फोर्स के गांव पहुंचने से गांव में सन्नाटा पसर गया। एसआई संजय मिश्रा ने बताया कि लल्लन, पूरन, सुरेंद्र, बाबू, ऊषा, माया, रूबी, लल्ला, मुलायम को नामजद करते हुए 10 अन्य अज्ञात लोगों समेत 19 के खिलाफ पुलिस के साथ मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसी धाराओं पर मुकदमा दर्ज किया है।