यूपी के बांदा जिले में पति से चल रहे विवाद प्रकरण में पुलिस क्षेत्राधिकारी को बयान देकर लौट रही युवती पर बाइक सवार लोगों ने तेजाब डाल दिया। इससे उसके चेहरे के साथ ही गर्दन भी झुलस गई। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवती के पिता ने पति और उसके बहनोई सहित तीन व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है। शहर के सर्वोदय नगर निवासी तेजनारायण ने शहर कोतवाली में दी तहरीर में कहा है कि बुधवार को दोपहर बाद उनकी बेटी तृप्ति (24) क्षेत्राधिकारी नगर के यहां से अपने पति से चल रहे विवाद को लेकर बयान देने गई थी।
वह ई-रिक्शा से वापस लौट रही थी। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन लोगों ने रिक्शे का पीछा किया और जान से मारने की नीयत से उसके चेहरे पर तेजाब डालकर भाग निकले। इससे बेटी झुलस गई। पिता तेजनारायण उसे तत्काल सिविल लाइन चौकी लेकर पहुंचे।
वहां से जिला अस्पताल लाए। यहां उसे भर्ती कराया। पिता ने तहरीर में तृप्ति के पति संतराम तिवारी पुत्र केशव तिवारी (महोखर, कोतवाली देहात) और उसके बहनोई कमलेश कुमार शुक्ला पुत्र जागेश्वर शुक्ला (तिंदवारी) तथा एक अन्य अज्ञात को नामजद किया है। उधर, देर शाम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह ने बताया कि वह घटनास्थल पर हैं और जांच कर रहे हैं। इसी के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।