अमर उजाला ब्यूरो
जहानाबाद (फतेहपुर)। कस्बे के चौक मुचियाना मोहल्ले में मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी, जेवर समेत करीब दो लाख का माल पार कर दिया। घटना के समय परिवार मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जम्मू गए थे। सोमवार को लौटने के बाद घटना की जानकारी हो पाई। गृहस्वामी की पत्नी रजनी देवी में थाने में तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की है।
चौक मुचियाना मोहल्ला निवासी घनश्याम गुप्ता पहली मार्च को परिवार समेत मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जम्मू चले गए थे। इधर, चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे और कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़ दिया। लॉकर में रखी दो सोने की चेन, एक जोड़ा झुमकी, एक जोड़ी बाला, दो जोड़ी टाप्स, छह अंगूठी, एक बेसर, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक हाफ पेटी, दो जोड़ी तोड़िया और 30 हजार रुपये उठा ले गए।
सोमवार को परिवार जब घर लौटा, तो ताला टूटा देख होश उड़ गए। अंदर देखा, तो लॉकर का ताला भी टूटा पड़ा था। थाना पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। गृहस्वामी की पत्नी रजनी देवी ने थाने में तहरीर दी है, जिसमें चोरी गए जेवरातों की कीमत करीब एक लाख 80 हजार और 30 हजार की नगदी दर्शाई गई है। थानाध्यक्ष घनश्याम पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।