अचलगंज (उन्नाव)। चोरों ने एक ही रात में दो किसानों के घरों को निशाना बनाया। एक घटना में चोर मुख्य दरवाजे की कुंडी खोलकर अंदर घुसे। दूसरे मोहल्ले में दीवार के सहारे छत पर पहुंचे। सुबह चोरी का पता चलने पर पुलिस को सूचना दी गई।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव मवईया माफी में मंगलवार रात चोरों ने सज्जन यादव व गांव के दूसरे छोर पर बसे वेदनाथ के घर को निशाना बनाया। सुबह होने पर सामान बिखरा देख पीड़ितों ग्रामीणों को जानकारी दी। एक ही रात में दो चोरियों की से ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर बहस शुरू हो गई।
पीड़ित सज्जन के मुताबिक परिवार के सदस्यों के साथ वह छत पर सो रहा था। इस दौरान चोरों ने मुख्य दरवाजे की कुंडी खोलकर घर में घुसे। वहां एक कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सवा लाख के जेवर व 25 हजार की नगदी ले गए हैं। वहीं दूसरी चोरी की घटना किसान वेदनाथ के घर में हुई।
चोरों ने पहले घर के पीछे की दीवार में सेंध काटने का प्रयास किया। दीवार काटने में असफल रहे चोर दीवार के सहारे छत पर पहुंचे और बक्से की कुंडी तोड़कर जेवर व नगदी समेत करीब पचास हजार का माल ले गए।
सूचना पर पहुंचे हल्का इंचार्ज कृष्णचंद्र ने मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान पीड़ितों से पूछताछ भी की। एसआई ने जल्द चोरी का खुलासा करने की बात कही है।
-एक जगह दरवाजे की कुंडी खोली, दूसरी जगह सेंध काटने में असफल होने पर फांदे दीवार
अमर उजाला ब्यूरो