अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। कोतवाली क्षेत्र के गांव इंगुठिया में सोमवार को तीन बदमाशों ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की। महिलाओं के शोर मचाने पर युवक बाले नोचकर भाग गए। घायल महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
इंगुठिया गांव निवासी राजकुमार पुत्र रामनाथ व उनकी पत्नी त्रिवेणी देवी परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोमवार को किसी काम से अपनी रिश्तेदारी में बाहर गए हुए थे। घर मे बड़ी बहू फ ूलवती पत्नी मिथुन व छोटी बहू कल्पना पत्नी विनोद थी। इस बीच मौका पाकर तीन युवक उसके घर घुस आए।
महिलाएं कुछ समझ पातीं तब तक युवकों ने घर का सामान बिखेरना शुरू कर दिया। विरोध करने पर युवकों ने महिलाओं के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं ने चिल्लाने पर युवक महिलाओं के कान के बाले नोचकर भाग गए। जब तक ग्रामीण पहुंचे तब तक युवक भाग गए थे।
सूचना पर परिजन भी आ गए और उन्होंने महिलाओं को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी है। कोतवाल आरके त्रिपाठी ने बताया कि उन्हें घटना की तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच कर कार्रवाई करेंगे।