बरौर (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के केशी का पुरवा गांव के निकट एक वृद्ध का शव पड़ा मिला। सीमा विवाद के चलते डेरापुर और बरौर थाने के पुलिस मौके पर पहुंची। पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिवारीजनों ने हत्या की अशंका जताई है।
थाना क्षेत्र के केशी का पुरवा निवासी मनीराम के नलकूप के निकट बरौर निवासी रामकिशुन (60) का शव पड़ा मिला। सुबह खेतों में काम करने पहुंचे ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पास में साइकिल व कपड़ो से भरा एक झोला भी मिला। सीमा पर शव पड़े होने के कारण बरौर व डेरापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के साले फरजाबाद निवासी रामप्रसाद की तहरीर पर बिहार चौकी इंचार्ज यतेंद्र सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पत्नी रामजानकी ने बताया कि उसके पति बिहारी गांव निवासी जगराम के नलकूप में चार वर्षों से रह रहे थे। वह 9 अप्रैल को घर से गए थे। 10 अप्रैल को वह भोगनीपुर के चकचालपुर गांव शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। गुरुवार को वापस घर आकर जानकारी करने पर पति का पता नहीं चला। शनिवार घटना की जानकारी हुई। डेरापुर थाना इंचार्ज राम बहादुर पाल ने बताया कि मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।