गोरखपुर। जिला महिला अस्पताल के मैटरनिटी विंग में पर्ची काउंटर पर इमरजेंसी भर्ती के नाम पर रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो गया है। मामला संज्ञान में आने पर एसआईसी ने जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जल्द ही जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
महिला अस्पताल के 100 बेड के विंग की शुरुआत दो महीने पहले ही मुख्यमंत्री योगी ने की। गर्भवतियों को मुफ्त व बेहतर इलाज देने के लिए शुरू हुए इस विंग में भी पैसे की वसूली होने लगी है। वायरल विडियो में साफ दिख रहा है कि तीमारदार अपनी पर्ची के साथ 100 बेड वाले मैटरनिटी विंग के काउंटर पर पहुंचता है। यहां काउंटर पर पहुंचे कर्मचारी से वह भर्ती पर्ची बनाने को कह रहा है। फिर कर्मचारी ने भर्ती पर्ची के बदले 30 से 40 रुपये की मांग की। तीमारदार के यह बोलने पर कि नि:शुल्क सुविधा है, इसपर दोनों में बहस हो गयी। रुपये लेने के बाद ही भर्ती पर्ची बनायी गई।
मामला मेरे संज्ञान में आया है। जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। वहां पर सभी सुविधाएं नि:शुल्क है।
डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, एसआईसी, जिला महिला अस्पताल
आप इन खबरों के बारे में और क्या जानना चाहते हैं