उन्नाव। बहन की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली से गांव आए युवक का शव सोमवार को घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। शव लटका देख परिजन बेहाल हो गए। परिजनों ने खुदकुशी की तहरीर दी है पर कारण स्पष्ट नहीं कर सके। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
माखी थानाक्षेत्र के गांव रऊकरना निवासी मंगेश लोध (27) पुत्र शंकर दिल्ली में रहकर एक फैक्टरी में मजदूरी करता था। आठ माह पहले वह बहन नेहा की शादी में शामिल होने के लिए घर आया था। तब से गांव में ही रहकर मजदूरी कर रहा था। सोमवार को उसका शव घर के कमरे में धन्नी से लटका मिला। शाम 4 बजे परिजनों की नजर पड़ी तो वह बेहाल हो गए। दरोगा विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। खुदकुशी की तहरीर दी है। मृतक तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।