छत्रपति शाहू जी महाराज विवि से संबद्ध जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज सहित अन्य मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस की परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं। 25 से होने वाली एमबीबीएस परीक्षाएं अब एक फरवरी से प्रस्तावित हैं। वहीं, 24 से होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं का शेड्यूल भी जारी नहीं किया गया है।
विवि प्रशासन का कहना है कि एमबीबीएस और सेमेस्टर परीक्षाएं दोनों ही एक फरवरी से हो सकती हैं। शहर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए विवि प्रशासन ने परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। छात्र काफी समय से 25 से होने वाली एमबीबीएस की परीक्षाओं को स्थगित करने की मांग कर रहे थे।
कोरोना से ठीक होकर आए वीसी प्रो. विनय कुमार पाठक ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की। उन्होंने छात्रों के स्वास्थ्य को सर्वोपरि मानकर परीक्षाओं को निरस्त करने का फैसला किया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. एके मिश्र ने कहा कि स्नातक सेमेस्टर की 24 से प्रस्तावित परीक्षाओं का शेड्यूल अब जारी नहीं होगा। अगर कोरोना संक्रमण की दर कम होती है तो दोनों परीक्षाएं एक फरवरी के शेड्यूल पर ही होंगी। अगर संक्रमण बढ़ता है तो शेड्यूल फिर से रिवाइज किया जा सकता है।