बरौर। विकास खंड मलासा के तुर्कीमऊ गांव स्थित गोशाला किनारे खड्ड में गिरकर एक गाय की मौत हो गई, जबकि बीमार गाय का इलाज किया जा रहा है। सूचना पर नायब तहसीलदार ने पहुंच कर जांच की। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद गाय के शव को गड्ढे में दफन करवा दिया गया। वहीं गायों के लिए हरे चारे का बंदोबस्त नहीं हो सका है। इस पर नायब तहसीलदार ने ग्राम पंचायत अधिकारी से नाराजगी जताई।
तुर्कीमऊ गांव स्थित गोशाला के पास खड्ड में गिरकर एक गाय की मौत हो गई। इसकी सूचना पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आलोक कुमार और नायब तहसीलदार मनीष द्विवेदी मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक ने बताया कि कमजोर गाय होने के कारण खड्ड में गिर जाने से मौत हो गई है।
वहीं बीमार गाय का इलाज किया गया। जांच के दौरान मौके पर नांद में सूखा भूसा पड़ा मिला। गायों को हरा चारा नहीं मिल पा रहा है। जिस पर ग्रामपंचायत अधिकारी नम्रता राव से मोबाइल पर बात करके नाराजगी जताई। गोशाला में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
मौके पर सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सफाई कराए जाने को कहा। बारिश होने के कारण परिसर में कीचड़ रहा। गो सेवक जयसिंह व सर्वेश को समय से चारा देने की हिदायत दी। बताया कि गोशाला में 45 गायें और दो बच्चे हैं। बीमार गाय को छाया में लिटाया गया है।
लेखपाल अवधेश कुमार मौजूद रहे। एसडीएम दीपाली भार्गव ने बताया कि नायब तहसीलदार को जांच के लिए भेजा गया है। एक गाय की मौत और एक गाय के बीमार होने की सूचना है। भूसा पहले ही भिजवाया जा चुका है। व्यवस्थाएं कराने के निर्देश दिए गए हैं।