उत्तर प्रदेश के कानपुर में कोरोना से रविवार को छह और रोगियों की मौत हो गई। इनमें चार महिलाएं शामिल हैं। एक-दो रोगियों को सिर्फ कोरोना के लक्षण रहे हैं और कुछ रोगी डायबिटीज, हाइपरटेंशन की गिरफ्त में थे।
इसके साथ ही कोरोना संक्रमित मरने वाले रोगियों का आंकड़ा 174 हो गया है। वहीं 240 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही कुल संक्रमित 3910 हो गए। कोरोना से अब तक 1842 रोगी ठीक हो चुके हैं। इस वक्त एक्टिव केस 1884 हैं।
हैलट में कोरोना संक्रमित गोविंदनगर के 60 वर्षीय वृद्ध, शूटरगंज की रहने वाली 50 वर्षीय महिला, शास्त्रीनगर की 55 वर्षीय महिला, नजीराबाद के 38 वर्षीय पुरुष और चकेरी की 51 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
इन्हें कोरोना संक्रमण के अलावा डायबिटीज, हाइपरटेंशन, सेप्सिस और सांस की दिक्कत रही है। हर्षनगर निवासी एक 45 वर्षीय व्यक्ति की सैफई मेडिकल इंस्टीट्यूट में मौत हो गई। उसे कोरोना के गंभीर लक्षण रहे हैं। इसके अलावा 174 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं।
ये रावतपुर गांव, नवाबगंज, नजीराबाद, इंद्रानगर, जवाहरनगर, जूही कालोनी, गोविंदनगर, शारदानगर, केशवपुरम, दादा नगर, काकादेव, दानाखोरी, जरौली, लालबंगला, आवास विकास, पनकी, गुजैनी, एचएएल टाउनशिप, कल्याणपुर, धनकुट्टी, एनआरआई सिटी, सनिगवां, साकेतनगर, सीसामऊ, सर्वोदयनगर, रतनलाल नगर, शिवली रोड, किदवईनगर, सिविल लाइंस, बर्रा, दयानंद विहार, आजादनगर, अशोक नगर, नौबस्ता, सिंहपुर, हरजेंदरनगर, मीरपुर कैंट, आरके नगर, उर्सला, मेस्टन रोड आदि क्षेत्रों के हैं।