कानपुर में कोरोना संक्रमितों की संख्या और क्षेत्र का दायरा भी हर रोज बढ़ता जा रहा है। रविवार को 11 क्षेत्रों में 14 नए संक्रमित मिले हैं। अब नगर में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 37 हो गई है। जो नए केस मिले हैं, उनमें ज्यादातर मुंबई, दिल्ली, कोलकाता और उड़ीसा से आने वाले हैं।
विभिन्न प्रांतों से लौट कर आ रहे लोगों से संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग में बेचैनी बढ़ गई है। कहा जा रहा है कि जो बाहर से आएं वे एक सप्ताह घर में क्वारंटीन रहें। जुकाम, बुखार, खांसी के लक्षण होने पर तुरंत जांच करवा लें।
सीएमओ डॉ. नैपाल सिंह ने बताया कि अभी ओमिक्रॉन वैरिएंट का कोई पॉजिटिव नहीं मिला है। सभी कोरोना पॉजिटिव की जीनोम सीक्वेंसिंग भी कराई जा रही है। रविवार को कोरोना के नए केस आईआईटी कानपुर, पनकी, कल्याणपुर, अर्मापुर, जूही, काकादेव, हरजेंदर नगर, आरके पुरम, किदवईनगर, बर्रा, हर्षनगर में हैं।
इसके पहले जाजमऊ, स्वरूपनगर, गीता नगर, भाभा नगर आदि क्षेत्रों में मिले थे। नगर में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 82,986 हो गई है। रविवार को होम आइसोलेशन में तीन रोगी संक्रमण से मुक्त हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 3132 कोरोना संदिग्धों की सैंपलिंग की है।
विदेश घूमकर लौटने वाले 60 यात्रियों की सूची केंद्र से आई है। इनमें 16 यात्री ओमिक्रॉन प्रभावित देशों से लौटे हैं। सभी का ब्यौरा लिया गया है। इसके बाद उनकी सेहत की जांच की जाएगी। रैपिड रिस्पांस टीमों ने जाकर संक्रमित को कोरोना किट उपलब्ध करा दी है।