कानपुर में कोरोना का संक्रमण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। सहालग और चुनावी सीजन में लापरवाही से लोग कोरोना के चंगुल में फंस रहे है। कोरोनाकाल में शुक्रवार को रिकॉर्ड 547 नए संक्रमित मिले। साथ ही छह और संक्रमित रोगियों की मौत हो गई। जब सेे कोरोना शुरू हुआ है, शहर में एक दिन में इतने संक्रमित कभी नहीं मिले।
इससे पहले पांच अगस्त-2020 को 536 संक्रमित मरीज मिले थे। यह रिकॉर्ड भी शुक्रवार को टूट गया। अलग-अलग हो रही रैंडम सैंपलिंग में सौ संक्रमित और मिलने की खबर है। इन्हें अभी सीएमओ के आंकड़ों में शामिल नहीं किया गया है। हैलट में पांच और कांशीराम अस्पताल में कोरोना संक्रमित एक रोगी की मौत हुई है।
हैलट में देवनगर की रहने वाली 35 साल की महिला की मौत हो गई। उन्हें कोरोना संक्रमण के साथ हृदय रोग भी था। इसी तरह कांशीराम अस्पताल में नवीननगर के रहने वाले 42 साल के रोगी की मौत हुई। उनको हाइपरटेंशन और अस्थमा था। दोनों रोगी 45 साल से कम उम्र के, लेकिन कोमॉर्बिड थे।
इसके अलावा हैलट में भर्ती चार और संक्रमित मरीजों की मौत की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने की है। हैलट में इस वक्त 20 रोगी गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर हैं। वहीं, गुरुवार को हैलट में चार रोगियों की मौत की जानकारी स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को पोर्टल पर अपडेट कर दी।