कानपुर में बुधवार को 22 कोरोना संक्रमित मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके बाद गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों को संक्रमण चेन ढूंढने के लिए 1404 सैंपलों की आरटीपीसीआर जांच कराई, लेकिन सभी निगेटिव निकले।
सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह का कहना है कि जहां रोगी मिले हैं, वहां संक्रमण के फैलाव को रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। आरटीपीसीआर जांच में बुधवार को कोरोना पॉजिटिव मिले 22 लोगों में से स्वास्थ्य विभाग ने दो और कम कर दिए हैं। एक संक्रमित हरदोई और दूसरा औरैया का बताया जा रहा है।
अब 20 संक्रमित ही बचे हैं। सीएमओ डॉ. नेपाल सिंह ने बताया कि 28 जुलाई को दो दिन के सैंपल की रिपोर्ट आई थी। 26 जुलाई को जो सैंपल लिए गए थे, उनमें 12 पॉजीटिव मिले थे और 27 जुलाई के सैंपल में आठ पॉजिटिव मिले थे। इकट्ठी रिपोर्ट आने से ज्यादा लग रहे हैं। अलावा दोबारा जांच कराने पर तीन लोग कोरोना निगेटिव निकले हैं।
इस तरह बुधवार के कोरोना एक्टिव केस अब 17 हो गए। कांटैक्ट ट्रेसिंग में हुई जांच में कोई भी पॉजिटिव नहीं निकला। इसके बाद भी क्षेत्रों पर नजर रखी जाएगी। अगर किसी को जुकाम-बुखार के लक्षण उभरते हैं तो तुरंत जांच कराई जाएगी। इसके साथ ही निगरानी समितियों को भी एक्टिव कर दिया गया है। दवाओं की किट भी क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र भेज दी गई है।