कानपुर में कोरोना ने कैंपस प्लेसमेंट का ग्राफ बिगाड़ दिया है। एचबीटीयू, यूपीटीटीआई, एआईटीएच समेत विभिन्न तकनीकी संस्थानों में 40 से 50 फीसदी प्लेसमेंट का ग्राफ गिरा है। जिन छात्रों का प्लेसमेंट हुआ है, उन्हें कंपनियों ने कम पैकेज ऑफर किया है। अधिकारियों ने बताया कि कई बड़ी कंपनियों ने कोरोना के चलते नई नौकरियों में रुचि नहीं दिखाई, इसका असर प्लेसमेंट पर दिख रहा है।
यूपीटीटीआई में 50 फीसदी से कम रहा प्लेसमेंट
यूपीटीटीआई में इस बार प्लेसमेंट 50 फीसदी से भी कम रहा है। कोरोना की वजह से हायरिंग तो करना दूर, इस बार उद्योगों में कई लोगों को नौकरी से निकाला गया है। डीन ऑफ एकेडमिक्स प्रो. मुकेश सिंह ने कहा कि निश्चित ही पिछले सालों के मुकाबले इस साल प्लेसमेंट काफी कम हुआ है। संकट के समय में कई उद्योगों के हाल खराब हैं, इसी वजह से छात्रों को नौकरियों के लिए अभी इंतजार करना पड़ रहा है।
कंपनियों ने आधा किया सैलरी पैकेज
एआईटीएच में भी प्लेसमेंट पर असर पड़ा है। मीडिया प्रभारी डॉ. मनीष सिंह ने कहा कि प्लेसमेंट 40 फीसदी कम हुआ है। कंपनियों ने छात्रों को सैलरी पैकेज भी कम ऑफर किया है। पहले जहां औसत सात से आठ लाख का पैकेज मिलता था, अब वो कम होकर 4 से 5 लाख तक आ गया है। इस बार मल्टीनेशनल कंपनियां न के बराबर ही आई हैं।
कम वैकेंसी के साथ आईं कंपनियां
एचबीटीयू की प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. अनीता यादव ने कहा कि कोरोना काल में कंपनियों ने ऑनलाइन साक्षात्कार के बाद कई छात्रों को नौकरी तो दी है पर पैकेज 30 से 35 फीसदी कम दिया है। कंप्यूटर साइंस और आईटी सेक्टर की कुछ कंपनियों ने ठीक पैकेज दिया बाकी सेक्टर के छात्रों को नौकरियां नहीं मिल सकी हैं। जो कंपनियां कई नौकरियां लेकर आती थीं, इस बार काफी कम वैकेंसी के साथ आई थीं।