कानपुर देहात/रूरा। रूरा क्षेत्र के सुमेरपुर हंसपुर गांव में एक बुजुर्ग की बुखार की चपेट में आने से मौत हो गई। आरटीपीसीआर रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव निकला। परिजनों ने बिना कोविड प्रोटोकॉल के अंतिम संस्कार कर दिया था। इधर, ग्रामीणों ने संक्रमण फैलने की आशंका जताई।
गांव में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की मंगलवार को जिला अस्पताल में कोरोना की जांच कराई गई थी। बुखार व अन्य बीमारी की दवा लेने के बाद परिजन उसे घर ले गए। बुधवार को बुजुर्ग की हालत बिगड़ गई। परिजन इलाज के लि कहीं ले जाते इससे पहले उसकी मौत हो गई। गांव के परिषदीय विद्यालय में परिजन काफी देर तक शव रखे रहे। अंतिम संस्कार के लिए शव खेरेश्वर घाट ले गए। बिना प्रोटोकॉल के अंतिम संस्कार कर दिया। गुरुवार की सुबह कानपुर से आई कोरोना रिपोर्ट में बुजुर्ग पॉजिटिव निकला। गांव में हड़कंप मच गया।
जिले में कोरोना से मरने वालों की संख्या 42 हो गई है। ग्रामीणों ने गांव को सैनिटाइज करने की मांग की है। खास तौर पर परिषदीय स्कूल को सैनिटाइज कराने की मांग की है। स्कूल में काफी देर तक शव वहां रखा रहा था। तीन दिन बाद उसी स्कूल में मतदान किया जाएगा। ग्रामीणों में चिंता में हैं। अकबरपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. आईएच खान ने बताया कि कोरोना संक्रमित की मौत की जानकारी नहीं है। शुक्रवार को गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच अभियान चलाया जाएगा।
हंसपुर गांव में 50 से अधिक बुखार की चपेट में
कानपुर देहात। रूरा के हंशपुर गांव में कोरोना से बुजुर्ग की मौत हो गई। जबकि 50 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं। गांव के लोगों ने बुखार से पीड़ित लोगों की कोविड जांच कराए जाने की मांग की है। खास बात यह है कि पीड़ित का उपचार झोलाछाप से हो रहा है। (संवाद)