कानपुर देहात। इंग्लैंड व अफ्रीका में कोरोना का खतरनाक स्ट्रेन मिलने के बाद इन देशों से हवाई उड़ान रोकी गई है। पिछले दिनों नीदरलैंड से लौटे किशौरा गांव के प्रवासी दंपति व बच्चे को होम आइसोलेट किया गया है। एंटीजन किट से जांच में इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं स्वाब नमूना लेकर परीक्षण के लिए कानपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
झींझक ब्लाक के किशौरा गांव निवासी दंपति व एक बच्चा 23/24 दिसंबर की रात हवाई जहाज से नीदरलैंड से नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे थे। हालांकि इन सभी की एयरपोर्ट पर एंटीजन किट से जांच की गई थी। इसमें तीनों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इन प्रवासियों का ब्योरा दिल्ली से प्रदेश सरकार को भेजा गया। गुरुवार की रात प्रदेश सरकार ने जिला प्रशासन को नीदरलैंड से लौटे प्रवासियों का ब्योरा दिया।
शुक्रवार को हरकत में आए स्वास्थ्य महकमे के अफसरों ने तीनों प्रवासियों की आरटीपीसीआर जांच के लिए स्वाब का नमूना संकलित किया। जांच रिपोर्ट आने पर इन सभी को समिति की निगरानी में होम आइसोलेट किया गया है। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि नीदरलैंड से लौटे पांच प्रवासियों की सूची जिला प्रशासन को मिली है। इसमें से तीन लोगों को ट्रेस कर लिया गया है। प्रोटोकॉल के तहत सुरक्षित तरीके से स्वाब नमूना संकलित किया गया है। दो दिन में इनकी आरटीपीसीआर रिपोर्ट आने की उम्मीद है। अन्य दो प्रवासियों को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। जिला संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि नीदरलैंड से आया युवक वहां मार्केटिंग कंपनी में काम करता है।