सांगा के अधिकृत ट्विटर हैंडल से बुधवार को एक धमकी भरा ट्वीट हुआ था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि इंदिरा गांधी समझने की भूल न करना, नरेंद्र दामोदर दास मोदी नाम है। लिखने को कागज और पढ़ने को इतिहास नहीं मिलेगा।
पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला रोके जाने की घटना के बाद बिठूर के भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के ट्वीट से सिख समाज आहत है। समाज के लोगों का कहना है कि अभिजीत सिंह सांगा ने अपने ट्वीट से सिख दंगा पीड़ितों के जख्मों को हरा कर दिया है।
विज्ञापन
जब इसका विरोध हुआ तो अब सफाई देते नजर आ रहे हैं। पहले ट्वीट डिलीट किया। फिर खुद को निर्दोष बताते हुए बोले कि ट्वीट करने वाले सहयोगी की गलती थी, उसे हटा दिया है। इसके बाद सफाई दी कि उनका एक-एक शब्द कांग्रेस के खिलाफ है।
जिसने कुर्सी के लिए अपने परिवार को नहीं बख्शा और अब पीएम के खिलाफ साजिश की। सांगा ने शनिवार को वीडियो ट्वीट कर सिख समाज से माफी मांगी है। दरअसल, सांगा के अधिकृत ट्विटर हैंडल से बुधवार को एक धमकी भरा ट्वीट हुआ था, जिसमें उन्होंने लिखा था कि इंदिरा गांधी समझने की भूल न करना, नरेंद्र दामोदर दास मोदी नाम है।
विज्ञापन
लिखने को कागज और पढ़ने को इतिहास नहीं मिलेगा। इस ट्वीट पर लाइक, कमेंट बढ़े तो दोबारा उसी ट्वीट को कुछ घंटों बाद विधायक के ट्विटर हैंडल से रिट्वीट कर दिया गया। अपने ही ट्वीट को दोबारा रिट्वीट उसे ज्यादा से ज्यादा प्रसारित करने के लिए किया जाता है।
अब उनकी ओर से माफी का वीडियो जारी होने के बाद सिख समाज में असंतोष कम हुआ है। भाजपा से जुड़े सिख समाज के लोगों ने तो उन्हें माफ कर दिया है लेकिन अन्य सिखों की तरफ से उनके निलंबन और कार्रवाई की मांग की गई है।
गुरुद्वारा बन्नो साहिब, जीटी रोड के प्रबंध समिति के सदस्य कंवलजीत सिंह मानू ने कहा कि विधायक सांगा ने धमकी दी है कि सिखों का इतिहास मिटा देंगे। जब मुगल और अंग्रेज इतिहास न मिटा सके और सिंघु बॉर्डर के आंदोलन पर सत्ताधीषों को माफी मांगनी पड़ी तो सांगा की धमकी से समाज डरने वाला नहीं है।
भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक सिमरनजीत सिंह ने बताया कि सांगा के ट्वीट से समाज में रोष था। उनके ट्वीट का आशय था कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए 1984 के सिख दंगों में तो कम उत्पीड़न हुआ, इस बार तो इतिहास मिटा देंगे।
अब माफी मांगी तो व्यक्तिगत तौर पर मुझे लगता है कि माफ कर देना चाहिए। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अजीत सिंह छाबड़ा ने कहा कि सांगा ने माफी मांगते हुए कहा है कि सिख समाज की इज्जत करता हूं तो माफ कर दिया है। उत्तर प्रदेश पंजाब अकादमी के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह छाबड़ा ने कहा कि सांगा ने माफी मांग ली है तो अब विरोध कर सिख समाज को विघटित करने का काम नहीं होना चाहिए।
विधायक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
भाजपा विधायक अभिजीत सिंह सांगा के विवादित बयान पर लोकतांत्रिक जनता दल के अध्यक्ष प्रदीप यादव और आदर्श लोकदल के अध्यक्ष शाकिर अली ने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। प्रदीप यादव ने कहा कि विधायक ने सोशल मीडिया के माध्यम से सिख समाज में भय का वातावरण पैदा करने की कोशिश की है। वहीं शाकिर अली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक साजिश के तहत काम करती है और उसका फायदा लेना चाहती है।