झींझक। गांधीनगर मोहल्ले में गालीगलौज का विरोध करने पर पड़ोसी ठेका सफाई कर्मी ने संविदा सफाई कर्मी को गोली मार दी।। बीचबचाव करने पहुंचे भतीजे को भी बट मारकर घायल कर दिया। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया। वहां से एक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेज दिया गया।
कस्बे के वार्ड नंबर एक के गांधी नगर मोहल्ले में बुधवार की शाम नगर पालिका का संविदा सफाई कर्मी सुशील उर्फ रिंकू (30) पुत्र रामऔतार घर के बाहर बैठा था। इस दौरान पड़ोस में ही रहने वाला नगर पालिका का ठेका सफाई कर्मी राधे पुत्र जयराम बाइक से आया। सुशील के घर के पास पड़ी मौरंग में राधे की बाइक फिसल गई। इस पर राधे गालीगलौज करने लगा।
जब सुशील ने विरोध किया तो राधे अपने घर से तमंचा निकाल लाया और उसके पेट में गोली मार दी। इससे सुशील गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर सुशील का भतीजा योगेंद्र उसे बचाने पहुंचा तो राधे ने उसे भी तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन आनन-फानन दोनों को झींझक सीएचसी ले गए।
वहां से सुशील को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। भतीजे योगेंद्र को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सीएचसी के डॉ. प्रतीक पांडेय ने बताया युवक के पेट में गोली फंसी होने के कारण जिला अस्पताल भेजा गया है। चौकी प्रभारी झींझक आनंद शर्मा ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।