अवॉर्ड लेते कानपुर की कंपनियों के कारोबारी
- फोटो : अमर उजाला
चमड़ा और चमड़ा उत्पादों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा देने वाले चीन और ताइवान के निवेश से खड़ी हुई कंपनी ने चमड़ा कारोबारियों की नींद उड़ा दी है। कंपनी फेंग टे इंडिया ने एक्सपोर्ट एक्सीलेंस अवार्ड में दो साल के ओवरऑल लेदर एंड लेदर प्रोडक्ट, नॉन लेदर प्रोडक्ट कैटेगरी में अवार्ड झटके हैं।
दिल्ली में हुए अवार्ड समारोह में कानपुर के कारोबारियों को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और अनुप्रिया पटेल ने अवॉर्ड दिए। चर्म निर्यात परिषद के राष्ट्रीय एक्सपोर्ट एक्सीलेंस अवार्ड में हमेशा ही शहर के चर्म निर्यातकों का जलवा रहा है।
ओवर ऑल कैटेगरी के अलावा दो सौ से तीन सौ करोड़ की कैटेगरी में कानपुर के चर्म निर्यातक ग्रुप को अवॉर्ड मिलते थे। लेकिन पहले बंदी फिर कोरोना और अब चीन-ताइवान की कंपनी ने झटका दिया है। बताया गया फेंग टे ग्रुप ताइवान का है।
चीन में इसके कई प्लांट हैं। चेन्नई में करीब 30 हजार करोड़ का पिछले साल निवेश किया गया था। यहां अलग-अलग उत्पादों का कच्चा माल आदि बनता है। ताइवान बेहद छोटा देश है लेकिन यहां के उत्पाद चीन को भी तगड़ी प्रतिस्पर्धा देते हैं।