मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार यानि आज कानपुर आ रहे हैं। साढ़े चार घंटे तक शहर में रहने के दौरान सीएम अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। स्मार्ट सिटी के तहत चुन्नीगंज में बनाए जा रहे कन्वेंशन सेंटर और चुन्नीगंज मेट्रो स्टेशन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे बिठूर महोत्सव जाएंगे।
सीएम के निरीक्षण के पहले शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने दोनों स्थलों का अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। शनिवार सुबह पहले डीएम नगर आयुक्त सुधीर कुमार, एडीएम सिटी राजेश कुमार व अन्य अफसरों के साथ चुन्नीगंज स्थित कन्वेंशन सेंटर और मेट्रो स्टेशन पहुंचे। फिलहाल कन्वेंशन सेंटर का काम 85 फीसदी पूरा हो गया है। रविवार को सीएम सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में अफसरों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। जनप्रतिनिधियों के साथ भी सीएम की बैठक होगी।