Chitrakoot News: चकोर गांव में युवक ने नशे की हालत में अवैध तमंचे से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
चित्रकूट के मऊ थाना इलाके में शराब के नशे में एक युवक ने कनपटी से तमंचा सटाकर गोली मार ली। घायल को परिजन अस्पताल लाए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच में घटना की वजह साफ नहीं हो सकी। दलौनी का पुरवा चकोर गांव निवासी जितेंद्र सिंह (35) वर्ष सोमवार रात को शराब के नशे में घर आया और सीधे कमरे में चला गया। रात में उसने नाजायज तमंचा से कनपटी में गोली मार ली। आवाज सुनकर परिजन दौड़े गए, तो कमरे में जितेंद्र खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था।
विज्ञापन
उसके पास में ही तमंचा भी पड़ा था। आनन फानन परिजन घायल जितेंद्र को निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत होने पर परिजन शव को घर ले आए और रात को ही परिजनों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। जांच में घर के दरवाजे के बाहर चारपाई पर पुलिस को शव मिला। कमरे में तमंचा भी पड़ा मिला। एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मौके से तमंचा बरामद किया है।