नारकोटिक्स टास्क फोर्स झांसी व सदर कोतवाली पुलिस टीम ने खोह के पास से तीन अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को दबोचा है। इनके कब्जे से लगभग 53 किग्रा गांजा बरामद हुआ है। इसकी कीमत लगभग 13 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही दो तमंचा, दो कार व दस हजार रुपये नगद बरामद हुए। तस्करों में उड़ीसा, छत्तीसगढ़ व एक चित्रकूट मुख्यालय का निवासी है।
विज्ञापन
मंगलवार को एसपी कार्यालय स्थित राघव सभागार में पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि नारकोटिक्स टास्क फोर्स झांसी के प्रभारी चंदन पांडेय ने मुखबिर की सूचना पर गांजा तस्करी करने वालों को पकडऩे के लिए सदर कोतवाल उपेंद्र सिंह की मदद ली। सोमवार देर रात को दोनों टीमों ने खोह अंडरपास के पास कबीर नगर रायपुर छत्तीसगढ़ निवासी इस्माइल खां, राजामंडा थाना एम रामपुर कालाहांडी उड़ीसा निवासी विष्णु साहू व जगदीशगंज कर्वी निवासी विजय गुप्ता को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार तीनों उड़ीसा से लाए गए गांजे की सप्लाई कर रहे थे।
तस्करों ने पूछताछ में बताया कि उड़ीसा से कम दाम में गांजा खरीदकर उप्र, बिहार व मप्र राज्यों के विभिन्न जिलों में सप्लाई करते हैं। बताया कि चित्रकूट में विजय गुप्ता के वाहन में गांजा रखते समय पकड़े गए। पुलिस ने तीनो तस्करों को जेल भेजा है। आरोपी विजय के खिलाफ गांजा तस्करी के चार अन्य मामले भी दर्ज हैं।