यूपी के चित्रकूट जिले में नौ माह की बच्ची को एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाया गया है। इस मामले में सीएमएस डॉक्टर सुधीर कुमार शर्मा ने प्रथम दृष्टया फार्मेसिस्ट और वार्ड बॉय को निलंबित कर जांच के आदेश दिए हैं। इंजेक्शन को कोतवाली पुलिस ने जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है।
शहर के शंकर बाजार निवासी धनंजय की 9 माह की पुत्री की रविवार को तबीयत खराब हुई थी। जुकाम-खांसी की शिकायत पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टर ने बच्ची को निमोनिया से ग्रसित बताया था। परिजनों ने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह उसे ड्यूटी पर मौजूद फार्मेसिस्ट और वार्ड ब्वाय ने एक्सपायरी डेट का इंजेक्शन लगाया जिससे बालिका की तबीयत खराब हुई और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
इसकी जानकारी होते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। एसडीएम सदर सीओ सिटी व कोतवाल के अलावा समाजवादी पार्टी के सदर सीट के विधायक अनिल प्रधान भी मौके पर पहुंचे। सदर विधायक ने इसे लापरवाही का मामला बताया। प्रथम दृष्टया सीएमएस डॉक्टर सुधीर शर्मा ने वार्ड बॉय और फार्मेसिस्ट को निलंबित कर जांच करने के आदेश दिए हैं। जिस इंजेक्शन को लगाने की बात परिजनों ने कही है उसे पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है।