चित्रकूट के राजापुर इलाके के सुरवल गांव के मजरा बेहननपुरवा में हुए अग्निकांड में घर के अंदर ही फंसी महिला शाहजहां उर्फ सनिया (55) की दर्दनाक मौत हो गई। सुबह उसकी लाश देखकर परिजनों में रोना पीटना मच गया। इसके अलावा 76 गाय, बकरी व मुर्गी भी काल के गाल में समा गए। रविवार की रात को बेहनपुरवा में भीषण आग लगने के दौरान करीब 50 घर चपेट में आ गए थे।
सभी घर के अंदर रखी गृहस्थी निकाल रहे थे। जिसमें शाहजहां उर्फ सोनिया (मुस्तफा) भी घर से सामान निकालने लगी। इसी दौरान आग की लपटो में फंस गई और वहां से निकल नही पाई। आग लपटें तेज होने से उसने वहीं दम तोड़ दिया। सोमवार की सुबह जब शव देखा तो सब स्तब्ध रह गए। परिवार के सदस्य रोने बिलखने लगे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक के रिश्तेदार मो. इस्लाम निवासी नगहेकला जिला कौशांबी ने बताया कि मृतक शाहजहां के तीन पुत्र इजमत, अजमत, व रमजान इस समय बंगलौर में है। वहां पर मजदूरी करते हैं। लॉकडाउन के कारण फंसे हुए हैं। इसके अलावा बेहनपुरवा में 76 गाय, बकरी व मुर्गियों की भी मौत हो गई है। एक दर्जन से अधिक गंभीर रूप से झुलसे हैं। डीएम शेषमणि पांडेय, एसपी अंकित मित्तल ने सोमवार को बेहनन पुरवा में पीड़ितों को मदद का आश्वासन दिया है।