बुंदेलखंड में गोवंशों की दुर्दशा जारी है। यहां ठंड और भूख से बेहाल 12 और गोवंशों की मौत हो गई। सदर ब्लाक के भरथौल गांव की गोशाला के पास मंगलवार को इनके शव पड़े मिले। ग्रामीणों में चर्चा है कि इन्हें पास की गोशाला से लाकर ही फेंका गया।
ग्रामीणों की सूचना पर प्रधान और सचिव मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गोवंशों के शव कहीं और से लाकर यहां फेंके गए हैं। गोवंशों के कान में जियो टैग भी लगा है। डीएम ने इस मामले में अधिकारियों को भेजकर रिपोर्ट तलब की है।
जिले में अन्ना गोवंशों के भोजन व रहने के इंतजाम पर्याप्त न होने से स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। गोशालाओं की हालत भी ठीक नहीं है। सर्दी बढ़ने और बारिश के बीच एक सप्ताह के अंदर पहाड़ी, शिवरामपुर, मऊ और रामनगर क्षेत्र की कई गोशालाओं में एक या दो गोवंश मरने की सूचना आए दिन आती है।
मंगलवार को भरथौल गांव के मामले में स्थानीय निवासी चंद्रभान और शिवकुमार ने बताया कि सोमवार की शाम गोशाला के पास कई मृत गोवंश पड़े देखे गए। आरोप लगाया कि जिम्मेदारों ने इन गोवंशों को रात में ही नहर किनारे जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफना दिया।