अंजना मल्होत्रा हत्याकांड के आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। वारदात से गुस्साए अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में आरोपियों को पीट दिया। बमुश्किल आरोपी कोर्ट से जेल भेजे गए। उधर मामले में हत्यारोपी संग दारू पार्टी करने वाले दरोगा जय प्रताप परिहार को निलंबित कर दिया गया है।
कौशलपुरी निवासी अंजना मल्होत्रा 22 दिसंबर की रात लापता हो गईं थीं। पुलिस ने सोमवार को खुलासा किया था कि अंजना की हत्या उसके पति सुलभ ने की। अपनी प्रेमिका किरन, उसके पिता रामदयाल व अपने भतीजे रिषभ के साथ मिलकर शव पांडु नदी में फेंक दिया था।
पुलिस ने इन चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार दोपहर आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के लिए पुलिस कचहरी लेकर पहुंची। यहां घटना से गुस्साए अधिवक्ताओं व अन्य लोगों ने आरोपियों को पीट दिया। मौके पर नजीराबाद, कोतवाली समेत तीन थानों की फोर्स भी मौजूद थी।
पुलिस अफसरों ने अधिवक्ताओं को समझाकर वहां से हटाया। किसी तरह कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मृतका की बहन बबली समेत कई अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए। उस शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। जिसकी शिनाख्त बबली ने अंजना के रूप में की थी।
शव ठिकाने लगाने के बाद धुल दी थी कार
सुलभ ने घर में ही अंजना की हत्या की थी। उसके बाद अपनी ऑल्टो कार में शव डालकर प्रेमिका के फ्लैट ले गया था। यहां से वह जेस्ट कार से शव औंग लेकर गया और वहां नदी में फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को दोनों कारों की फोरेंसिक जांच कराई।
बेंजाडीन टेस्ट में ऑल्टो की पीछे वाली सीट पर और जेस्ट कार की डिक्की में खून के धब्बे मिले। जांच में सामने आया कि आरोपियों वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों कारों की धुलाई कराई थी। दूसरे दिन भी पुलिस गोताखोरों की मदद से नदी में शव की तलाश करवाती रही।
गहनता से जांची जा रही दरोगा की भूमिका
जांच में सामने आया कि हत्याकांड को अंजाम देने के कुछ घंटे बाद नजीराबाद थाने के दरोगा जय प्रताप परिहार ने सुलभ के साथ एक रेस्टोरेंट में दारू पार्टी की थी। ज्वाइंट सीपी कानून-व्यवस्था आनंद प्रकाश तिवारी ने एसीपी नजीराबाद की जांच रिपोर्ट पर दरोगा को निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर है। इसलिए दरोगा की भूमिका गहनता से जांची जा रही है। बड़ी कार्रवाई उसके खिलाफ की जाएगी।
बेटों से कहलवाया झूठ
सुलभ हत्या करने के बाद जब घर लौटा था तो बेटों ने पूछा था कि मां कहां है ? तब सुलभ ने उनसे कहा कि मां बाहर गईं हैं आठ से दस दिन में आ जाएंगी। कोई मां के बारे में पूछे तो यही बताना। इसलिए बच्चे यही बता रहे थे।