अस्पताल में उल्टी-दस्त के शिकार बच्चे का चेकअप करते डॉ.आशुतोष निरंजन
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रोज रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मीं की वजह से एक माह से लेकर पांच साल तक के बच्चों के ऊपर बीमारियों का हमला बढ़ गया है। इस उम्र में सर्वाधिक डायरिया के मरीज मिल रहे हैं। बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद इलाज में जरा सी ढिलाई खतरनाक साबित हो रही है। जिला अस्पताल की ओपीडी में पिछले पंद्रह दिन से ऐसे बच्चे पहुंच रहे हैं, जिन्हें डायरिया की शिकायत है। इनमें से कई बच्चों को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।
अप्रैल माह की शुरुआत से ही तापमान में बढ़ोत्तरी होनी शुरू हो गई थी और बीच में पारा 46 डिग्री के पार चला गया था। अभी भी प्रतिदिन 43 से 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है। इस मौसम ने वैसे तो सभी आयुवर्ग के लोगों को प्रभावित किया है, लेकिन मासूम बच्चों की स्थिति ज्यादा खराब है। जिला अस्पताल के नवजात शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डा.आशुतोष निरंजन ने बताया कि गर्मी की वजह से डायरिया के मरीज बढ़े हैं।