सरसौल में महाराजपुर के ड्योढ़ी घाट रोड पर स्थित फार्म हाउस में पले एक खूंखार कुत्ते ने छह साल के मासूम पर हमला कर दिया था। उसके गाल और गर्दन पर बुरी तरह से काट लिया था। 18 दिन अस्पताल में जंग लड़ने के बाद घायल बच्चे ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया।
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने के बाद फार्म हाउस मालिक और केयरटेकर पर मुकदमा दर्ज किया है। करनखेड़ा निवासी जीतू निषाद ने पुलिस को बताया कि ड्योढ़ी घाट रोड पर चांदनपुर निवासी संजय ने अपने फार्म हाउस में खूंखार कुत्ता पाल रखा है।
बगल में ही उनका घर भी है। फार्म हाउस के केयरटेकर रामकुमार यादव अक्सर कुत्ते को खुला छोड़ देते हैं, जो लोगों को दौड़ाता है। आरोप है कि 19 जुलाई को कुत्ते ने घर में घुसकर बेटे अंश (6) पर हमला कर दिया था। उसके गाल और गर्दन को बुरी तरह से काट कर लहूलुहान कर दिया था।
अंश का प्राइवेट अस्पताल में इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फार्म मालिक और केयरटेकर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।