छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
- फोटो : अमर उजाला
छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को परोक्ष रूप से केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। नेशनल मूवमेंट फ्रंट की ओर से पत्रकार व शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी की 130वीं जयंती पर लाजपत भवन लॉन में आयोजित ‘जरा याद करो कुर्बानी’ समारोह में उन्होंने कहा कि देश में छद्म राष्ट्रवाद चलाया जा रहा है।
किसी को कोई पुरस्कार देना है तो दीजिए इसके लिए घोषणापत्र में शामिल करने की क्या जरूरत पड़ गई। विनायक दामोदर सावरकर क्रांतिकारी थेे, यह सही है, लेकिन महात्मा गांधी की हत्या के षड्यंत्र में शामिल रहे। भारत रत्न सम्मान देना है तो सांप्रदायिकता से लड़ते हुए शहीद हुए गणेश शंकर विद्यार्थी को दिया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र चुनाव के संकल्प पत्र में भाजपा ने सावरकर को भारत रत्न दिलाने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि छद्म राष्ट्रवाद के हिमायती गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की निंदा करने और उसके मुर्दाबाद के नारे लगाने की बात पर पीछे हट गए। वर्तमान में देश के नागरिक डर में जी रहे हैं।
नेता, पत्रकार, विभिन्न धर्मों, जाति, वर्ग के लोग सुरक्षा मांग रहे हैं। जरा भी विरोध करने पर उन्हें देशद्रोही बताकर पाकिस्तान, बांग्लादेश भेजने की बातें होने लगती हैं। शहर में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे विद्यार्थी ने अपने घर में भगत सिंह को रखा। दोनों की राजनीतिक विचारधाराएं अलग थीं, लेकिन उन्हें एक-दूसरे पर थोपा नहीं गया। अब असहमति जताते ही जेल भेज दिया जाता है।
करीब एक घंटा देरी से पहुंचे बघेल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। जायसवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि सांप्रदायिक एकता, सौहार्द से ही देश और लोगों की तरक्की हो सकती है। लड़ाने वाली विचारधारा हमेशा पीछे ले जाती है। इस मौके पर फ्रंट के संयोजक सौरभ बाजपेयी ने कहा कि उनका संगठन विद्यार्थी को भारत रत्न दिलाने की मुहिम शुरू करेगा।