पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता, डीआईओएस को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि, डी ग्रेट पर चार अफसरों को चेतावनी
माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में लगातार पिछड़ रहे कानपुर को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और सीडीओ अभिनव जे. जैन ने देर शाम अफसरों की जमकर क्लास लगाई। समीक्षा में विभागों की खराब प्रगति और बैठकों में जिम्मेदार अफसरों की गैरहाजिरी पर कड़ा रुख अपनाते हुए दो अधिकारियों को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के साथ चार को चेतावनी जारी की गई।
बैठक में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के गैरहाजिर रहने पर सहायक अभियंता ओम प्रकाश गुप्ता से जानकारी मांगी गई। डीएम के सवालों पर गलत जानकारी देने पर वह फंस गए। डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सहायक अभियंता को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। इसी तरह जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) प्रवीण कुमार तिवारी भी बैठक में मौजूद नहीं थे। जानकारी करने पर उनके हाईकोर्ट में होने की बात सामने आई। हालांकि, प्रोजेक्ट अलंकार की खराब परफार्मेंस पर डीएम ने डीआईओएस को भी विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। प्रोजेक्ट की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप न होने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश भी दिए गए। समीक्षा में सीएम डैशबोर्ड के विभिन्न संकेतकों पर विभागवार प्रगति देखी गई। डीएम ने स्पष्ट किया कि डैशबोर्ड की रैंकिंग केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का प्रतिबिंब है। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।