कानपुर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के लॉकरों से करोड़ों रुपये के जेवरात पार करने के मामले में एसआईटी ने मंगलवार रात से बुधवार रात तक लॉकर इंचार्ज शुभम मालवीय की निशानदेही पर 550 ग्राम सोना बरामद किया। हालांकि अभी तक एसआईटी ने यह सार्वजनिक नहीं किया है कि बरामदगी कहां से किसके पास से हुई है।
कई सराफ हिरासत में लिए गए हैं। पूरे साक्ष्य जुटाने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उधर शुभम मालवीय की निशानदेही पर प्रयागराज में उसकी कई प्रॉपर्टी खोज निकाली हैं। सेंट्रल बैंक की कराची खाना शाखा के 11 लॉकरों से करीब चार करोड़ रुपये के जेवरात चोरी हुए थे।
केस की जांच कर रही एसआईटी ने बैंक मैनेजर, लॉकर इंचार्ज समेत पांच आरोपियों को रिमांड पर लिया हुआ है। डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने बताया कि शुभम मालवीय की जानकारी के आधार पर कई सराफ के यहां दबिश दी गई। 24 घंटे के भीतर करीब 550 ग्राम सोना बरामद किया गया है। इसके अलावा पांच-छह सराफ को हिरासत में लिया गया है। उनसे भी पूछताछ चल रही है। अभी और जेवरात बरामद किए जाएंगे।