कानपुर में किदवई नगर थाने के सामने सोमवार शाम बोलेरो की टक्कर से मरने वाले रिजवान का शव मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। गुस्साए परिजनों ने मुआवजे की मांग करते हुए शव को किदवई नगर थाने के बार रखकर जाम लगा दिया। राहगीरों से अभद्रता की।
हंगामे की सूचना मिलते ही सर्किल के फोर्स संग पहुंचे एसीपी ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी तहजीब की तहरीर पर बोलेरो चालक चकेरी के कोयला नगर निवासी ऋषि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जूही सफेद कॉलोनी निवासी गोश्त व्यापारी रिजवान (25) सोमवार को दोस्त इमरान टहल रहा था।
दीप सिनेमा की ओर से तेज गति से आई बोलेरो ने टक्कर मार दी थी। हादसे में रिजवान की मौत हो गई थी, इमरान गंभीर घायल है। पुलिस ने बोलेरो सवार कोयला नगर निवासी ऋषि को हिरासत में लिया था। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को शव मिलते ही उन्होंने किदवई नगर थाने के बाहर शव रख जाम लगाकर पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
एसीपी बाबूपुरवा आलोक सिंह ने परिजनों से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद एसीपी ने एसडीएम से परिजनों की मोबाइल पर वार्ता कराई। एसडीएम ने उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
इंस्पेक्टर हरमीत सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अर्थिक मदद के लिए रिपोर्ट बनाकर एसडीएम को भेज दी गई है। वहीं, पकड़े गए बोलेरो चालक ऋषि ने खुद को मिर्गी की बीमारी से ग्रसित होना बताया है। पुलिस ने बताया कि गाड़ी मालिक से संपर्क किया जा रहा है। इसके साथ ही उसकी बीमारी के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।