कानपुर में बार एसोसिएशन की 21 सदस्यीय कार्यकारिणी के लिए बुधवार को सुबह 11:30 बजे से नामांकन शुरू हो गया। नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण सुबह से ही प्रत्याशियों का जोश देखने काबिल था। एल्डर्स कमेटी सदस्य नामांकन पत्र लेने के लिए पहुंचे ही थे.. काउंटर खुल भी नहीं पाया था।
कई प्रत्याशी गेट के बाहर नामांकन पत्र लिए खड़े थे। बार एसोसिएशन के रामनाथ सेठ हॉल में नामांकन की व्यवस्था की गई है। सुबह से ही कचहरी में गहमागहमी का माहौल है। वकीलों का हुजूम बार एसोसिएशन के बाहर नारेबाजी करता रहा। अब तक विभिन्न पदों पर लगभग 30 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।
इसमें अध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, मंत्री, संयुक्त मंत्री प्रकाशन, संयुक्त मंत्री प्रशासन, संयुक्त मंत्री पुस्तकालय के अलावा वरिष्ठ व कनिष्ठ कार्यकारिणी के छह-छह पदों के लिए नामांकन पत्र भरे जाएंगे। बता दें कि नामांकन के पहले दिन कुल 53 प्रत्याशियों ने पर्चे दाखिल किए।