यूपी के खुर्जा जिले के पास अरनिया थाना क्षेत्र में हाईवे-91 पर सड़क किनारे खड़े ट्रक में रोडवेज बस जा घुसी। हादसे में बस सवार दंपती समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों में अमर सिंह (45) पुत्र परशुराम निवासी कमले पुरवा जनपद कन्नौज और उसकी पत्नी श्रीदेवी (40) पत्नी अमर सिंह तथा अवधेश (30) पुत्र भागीरथ निवासी बड़ागांव जालौन है। साथ ही घायलों में हरीश चंद्र निवासी दिल्ली, मोहित, शानू शुभम दीक्षित निवासी फर्रुखाबाद, मोनू निवासी कन्नौज, असलम, फारूक और इस्लाम निवासी अलीगढ़ आदि शामिल है। थाना पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचित करते हुए तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे का कारण रोडवेज बस के चालक को नींद की झपकी आना बताया जा रहा है।